स्वच्छता के लिए जिसे अवार्ड मिला वहां गंदगी के ढेर: कचरा लेकर सड़क पर उतरे दीनदयाल वार्ड के नागरिक, 10 दिन से हैं परेशान Newshindi247

स्वच्छता के लिए जिसे अवार्ड मिला वहां गंदगी के ढेर: कचरा लेकर सड़क पर उतरे दीनदयाल वार्ड के नागरिक, 10 दिन से हैं परेशान Letest Hindi News
जगदलपुर11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
नगर निगम के खिलाफ वार्ड के लोगों ने प्रदर्शन किया है ।
छत्तीसगढ़ में जगदलपुर नगर निगम के एक वार्ड के लोगों का निगम के खिलाफ जमकर गुस्सा फूटा है। वार्डवासियों का कहना है कि शहर के जिस वार्ड को स्वच्छता पुरस्कार मिला है वहां अब गंदगी का अंबार लग रहा है। कचरा वाहन पिछले 10 दिनों से कचरा उठाने के लिए नहीं आ रहा है। इसी के विरोध में वार्ड के लोग अपने-अपने घरों का कचरा लेकर सड़क पर उतर आए। करीब 2 घंटे तक सड़क जाम कर बैठे रहे। हालांकि, वार्ड वासियों के विरोध के बाद निगम की गाड़ी पहुंची और कचरा उठाया गया।
मामला निगम क्षेत्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड का है। वार्डवासियों का आरोप है कि, कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं आ रही है जिससे घरों पर ही कचरा पड़ा रहता है। इस समस्या को लेकर निगम महापौर और आयुक्त को भी कई बार अवगत करवाया गया है। लेकिन, फिर भी किसी ने ध्यान नहीं दिया। सुबह नगर निगम को सूचना देने के बाद भी 9:30 बजे तक निगम ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इससे नाराज लोग अपने घरों का कचरा लेकर सड़क पर उतर गए। इस संबंध में जब आयुक्त दिनेश नाग से उनका बयान लेने फोन लगाया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

लगातार 10 दिन से जब कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं आई, तो लोग शनिवार को विरोध में इस तरह सड़क पर ही बैठ गए।
नेता प्रतिपक्ष बोले- महापौर की है ओछी राजनीति
वार्डवासियों के इस प्रदर्शन को देखते नेता प्रतिपक्ष संजय पांडेय ने कहा है कि, महापौर सफीरा साहू के नेतृत्व में नगर निगम दलगत और ओछी राजनीति पर उतर आया है। भाजपा पार्षद वाले वार्डों में नगर निगम मूलभूत सुविधाओं के लिए पार्षदों को तरसा रहा है। झाड़ू, ठेला, चूना, ऑटो सफाई कर्मी, वार्ड के विकास से संबंधित सभी निर्माण कार्य, रोड, नाली, डामरीकरण सभी में नगर निगम दोगली राजनीति कर रहा है। निगम क्षेत्र में सैकड़ो लोग डेंगू जैसी गंभीर बीमारी के शिकार हुए। लेकिन, इससे भी निगम को सीख नहीं मिली।

घर से कचरा लेकर आए लोग और बीच सड़क पर दे दिया धरना। महिलाएं भी इसमें शामिल रहीं।
खराब गाड़ियों की व्यवस्था दुरुस्त की जाए- सुरेश गुप्ता
भाजपा के मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि, निगम को चाहिए कि किसी भी वार्ड की गाड़ी खराब होती है तो वहां रिलीवर गाड़ी तत्काल भेजा जाए। जिससे लोगों के घरों का कचरा समय पर लिया जा सके। शहर स्वच्छ रहे स्वच्छता में सब की भागीदारी है। निगम अपनी जिम्मेदारी निभाएं और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सभी वार्डो को समान रूप से संसाधन उपलब्ध कराए। भाजपा पार्षदों के वार्ड से भेदभाव की जाएगी तो हम जनता के साथ मिलकर इसका पुरजोर विरोध करेंगे। जनता के हित में आंदोलन करना पड़े तो भी करेंगे।
Post Credit :- www.bhaskar.com
Date :- 2023-03-18 14:00:08