राजस्थान के सरकारी स्कूलों में टीचर बनने का सपना देख रहे युवाओं का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से 31 अगस्त से पहले शिक्षक भर्ती परीक्षा लेवल-1 का रिजल्ट जारी किया जाएगा। जिसके तहत प्रदेशभर के सरकारी स्कूलों में 21 हजार पदों पर टीचर्स को पोस्टिंग दी जाएगी। हालांकि फाइनल कट ऑफ में 4 से 8 नंबर तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
26 मई को राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने शिक्षक भर्ती परीक्षा (रीट मेंस) लेवल-1 की कट ऑफ लिस्ट जारी की थी। जिसके तहत बोर्ड ने 21 हजार पदों के लिए कुल 41,546 अभ्यर्थियों को शॉर्ट लिस्ट किया था। इनमें 38,280 कैंडिडेट नॉन टीएसपी (ट्राइबल सब प्लान) क्षेत्र से हैं। वहीं 3266 कैंडिडेट्स टीएसपी क्षेत्र से थे। जिन्हें बोर्ड ने डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया था।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि शिक्षक भर्ती परीक्षा लेवल-1 का रिजल्ट लगभग तैयार हो चुका है, जिसे क्रॉस वेरिफिकेशन के बाद इसी महीने जारी किया जाएगा।
वहीं लेवल-2 के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। ऐसे में लेवल-1 के बाद जल्द ही लेवल-2 का रिजल्ट भी जारी कर दिया जाएगा, ताकि 48,000 पदों पर उम्मीदवारों को सितंबर महीने में ही पोस्टिंग दी जा सके। बोर्ड की ओर से 48 हजार पदों के लिए शिक्षक भर्ती परीक्षा 25 फरवरी से 1 मार्च तक कराई गई थी। परीक्षा में कुल 9.65 में से 9.02 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
उपेन यादव बोले- बोर्ड की लापरवाही से बढ़ी छात्रों की परेशानी
राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेन यादव ने कहा- बोर्ड ने शिक्षक भर्ती का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन शेड्यूल तो पूरा कर लिया है। अब तक फाइनल रिजल्ट जारी नहीं किया है, जबकि लेवल-1 की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया काफी पहले ही पूरी हो गई है। बोर्ड ने 48 घंटे में लेवल-1 का रिजल्ट जारी नहीं किया तो प्रदेशभर के बेरोजगार 25 अगस्त को कर्मचारी चयन बोर्ड मुख्यालय का घेराव करेंगे।
उपेन ने कहा- सिर्फ लेवल-1 ही नहीं बल्कि, सितंबर के पहले सप्ताह तक लेवल-2 का फाइनल रिजल्ट जारी किया जाए, ताकि आचार संहिता लगने से पहले 48 हजार पदों पर उम्मीदवारों को पोस्टिंग मिल सके। इसके साथ ही हम चाहते हैं कि जल्दी ही नई रीट की तारीख का ऐलान भी किया जाए, ताकि टीचर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत मिल सके। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो सरकार को इसका नुकसान विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
रीट मेंस लेवल-1 कट ऑफ
क्षेत्र | कटऑफ |
सामान्य | 186.9188 |
ओबीसी | 175.8889 |
ईडब्ल्यूएस | 166.2564 |
एमबीसी | 172.2650 |
एससी | 157.3077 |
एसटी | 143.8590 |
इन पदों पर होगी भर्ती
प्राइमरी स्कूल टीचर (लेवल-1) | 21,000 पद |
टीचर लेवल-2 (हिंदी) | 3,176 पद |
टीचर लेवल-2 (पंजाबी) | 272 पद |
टीचर लेवल-2 (संस्कृत) | 1,808 पद |
टीचर लेवल-2 (उर्दू) | 806 पद |
टीचर लेवल-2 (सोशल स्टडीज) | 4,172 पद |
टीचर लेवल-2 (सिंधी) | 9 पद |
टीचर लेवल-2 (अंग्रेजी) | 8,782 पद |
टीचर लेवल-2 (साइंस/मैथ्स) | 7.435 पद |
शिक्षक भर्ती परीक्षा लेवल-1 में 2 लाख 12 हजार 342 में से 1 लाख 96 हजार 696 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। लेवल-1 में कुल उपस्थिति 92.63 फीसदी रही। जबकि लेवल-2 में 7 लाख 53 हजार 23 अभ्यर्थियों में से 7 लाख 5 हजार 629 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। लेवल-2 की अटेंडेंस 93.70 फीसदी रही।
लेवल | विषय | उपस्थिति |
लेवल-1 | —- | 92.63 फीसदी |
लेवल-2 | साइंस मैथ्स | 94.82 फीसदी |
लेवल-2 | सोशल स्टडीज | 91.31 फीसदी |
लेवल-2 | हिंदी | 95.88 फीसदी |
लेवल-2 | संस्कृत | 91.24 फीसदी |
लेवल-2 | अंग्रेजी | 96.80 फीसदी |
लेवल-2 | उर्दू | 97.61 फीसदी |
लेवल-2 | पंजाबी | 93.14 फीसदी |
लेवल-2 | सिंधी | 63.10 फीसदी |
Post Credit : – www.bhaskar.com